Raipur News : कांवड़ यात्रा में शामिल हुए डॉ. रमन सिंह, बोले- यह धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता की यात्रा

Raipur News : कांवड़ यात्रा में शामिल हुए डॉ. रमन सिंह, बोले- यह धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता की यात्रा

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। माता कौशल्या की पावन धरा चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक आयोजित 71 किलोमीटर की तीन दिवसीय ‘सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा’ का दूसरा दिन बारिश के बीच उत्साह और आस्था से भरा रहा। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में जारी यात्रा में हजारों कांवड़ियों ने हिस्सा लिया।

यात्रा के दूसरे दिन समोदा में आयोजित संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के ‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला सामाजिक अभियान है। उन्होंने यात्रा को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने वाली पहल बताया।

यात्रा ग्राम नारा से शुरू होकर भानसोज, जरोद मोड़, छतौना, फरफौद और बाना होते हुए समोदा पहुंची। इस दौरान मूसलाधार बारिश के बावजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। पूरे यात्रा मार्ग में ‘बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान’ के जयघोष गूंजते रहे।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करना और प्रेम, समरसता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और सद्भाव के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इस यात्रा का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।

तीन दिवसीय इस कांवड़ यात्रा का औपचारिक समापन 24 अगस्त को बाबा बागेश्वरनाथ धाम आरंग में किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।


Related Articles