Chhattisgarh Durg News : दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा अपराधों की विवेचना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। भिलाई कंट्रोल रूम में आयोजित सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने चयनित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं निर्धारित पुरस्कार प्रदान किए।
सम्मानित पुलिसकर्मियों ने विभिन्न आपराधिक प्रकरणों की विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन, तथ्यों के विश्लेषण, आवश्यक विधिक कार्रवाई और मामलों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण में प्रभावी भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए पुलिस विभाग ने उन्हें सम्मान के लिए चयनित किया।
सम्मानित होने वालों में निरीक्षक बसंत बघेल, उप निरीक्षक पुरुषोत्तम कुर्रे, प्रमोद सिन्हा, चितराम ठाकुर, सुरेन्द्र नारम, श्रीराम पेण्ड्रो, दरबारी राम तोरम और मनीष बाजपेई शामिल हैं। इनके अलावा सहायक उप निरीक्षक सुभाष कोसुर, लखन लाल साहू, मुरलीधर कश्यप, शशिकला साहू, इतवारी राम डहरे, रामकृष्ण तिवारी, जितेन्द्र चंद्राकर और मीरा वर्मा को भी सम्मानित किया गया।
दुर्ग पुलिस के अनुसार सम्मान समारोह का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर अपराध विवेचना के लिए प्रोत्साहित करना है। इस दौरान विवेचना में गुणवत्ता, निष्पक्षता, पारदर्शिता, विधिक प्रावधानों के पालन और प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक अपराध की विवेचना साक्ष्य आधारित और विधिसम्मत तरीके से की जानी चाहिए, ताकि मामलों का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो सके। सम्मानित पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी निष्ठा और लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
दुर्ग पुलिस ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपराध विवेचना में निष्पक्षता, पारदर्शिता और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। साथ ही नागरिकों से अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

