Bemetara News : बच्चों से भरी बस सड़क से उतरकर पलटी, परिजनों ने ड्राइवर पर लगाया लापरवाही का आरोप

Bemetara News : बच्चों से भरी बस सड़क से उतरकर पलटी, परिजनों ने ड्राइवर पर लगाया लापरवाही का आरोप

Chhattisgarh Bemetara News : बेमेतरा। जिले में सोमवार सुबह ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। बस सिंघपुर से बच्चों को लेकर झाल की ओर जा रही थी। इसी दौरान खड़सरा और झाल के बीच अचानक सड़क से उतरकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 17 से 18 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में कई बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें आयुष्मान अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीण नागेंद्र वर्मा ने बताया कि बस पलटी हुई थी। उन्होंने ड्राइवर, कंडक्टर और अन्य लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

बच्चों के परिजन राजू वर्मा ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क खराब होने के बावजूद चालक को सावधानी से बस चलानी चाहिए थी। स्कूल स्टाफ साहिल वर्मा ने फोन कर हादसे की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

झाल थाना प्रभारी सोनम ग्वाल ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस सड़क से उतरकर पलट गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

घटना के बाद स्कूल बसों की फिटनेस, चालक की जिम्मेदारी और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने स्कूल बसों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।


Related Articles