Durg News: स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, बच्ची के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू

Durg News: स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, बच्ची के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बरसाती सीजन में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची में एच1एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और बच्ची के घर व आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची को करीब दो दिनों से तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण थे। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका जताई और आरटी-पीसीआर जांच कराई। जांच रिपोर्ट में एच1एन1 वायरस की पुष्टि हुई।

दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज के अनुसार, बच्ची का फिलहाल निजी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट मिलने के बाद टीम बच्ची के घर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में निगरानी शुरू की।

स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। बच्ची के परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें संक्रमण के कोई लक्षण तो नहीं हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रहा है, जिससे संक्रमण के संभावित प्रसार को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 5 साल से कम उम्र के बच्चे फ्लू के कारण गंभीर बीमारी के अधिक जोखिम वाले समूह में आते हैं। एच1एन1 संक्रमण खांसने, छींकने और बात करने के दौरान निकलने वाले संक्रमित कणों के जरिए एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैल सकता है। बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है।


Related Articles