Balrampur News: बलरामपुर में उपचार के दौरान मासूम की मौत, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

Balrampur News: बलरामपुर में उपचार के दौरान मासूम की मौत, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में उपचार के दौरान 3 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास चिकित्सा संबंधी कार्य करने की वैध पात्रता या पंजीयन नहीं था। इसके बावजूद उसने बच्चे को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे रमेश चेरवा अपने 3 वर्षीय बेटे अभी चेरवा को बुखार की शिकायत होने पर सरनाडीह निवासी बालेश्वर सिंह के घर लेकर गया था। आरोप है कि बालेश्वर सिंह ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल बलरामपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 63/2026 की जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसके कथन के आधार पर घटना से संबंधित सामग्री भी जब्त की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास चिकित्सा कार्य करने के लिए आवश्यक वैध चिकित्सकीय पात्रता या पंजीयन नहीं था। मामले में पुलिस ने आरोपी बालेश्वर सिंह (51) के खिलाफ धारा 105, 271, 318 बीएनएस और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी को 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच साक्ष्यों के आधार पर जारी है।


Related Articles