IGKV Paper Leak Case: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का पेपर लीक, CM साय ने लिया संज्ञान; दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

IGKV Paper Leak Case: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का पेपर लीक, CM साय ने लिया संज्ञान; दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

IGKV Paper Leak Case: रायपुर: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का मामला सामने आया है। मामले को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि परीक्षाओं की शुचिता और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पेपर लीक के बाद परीक्षा निरस्त

जानकारी के मुताबिक, बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा 20 अगस्त को आयोजित होनी थी। प्रदेश के 27 कृषि महाविद्यालयों के करीब 1,200 विद्यार्थी इसमें शामिल होने वाले थे। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की शिकायत सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा निरस्त कर दी। अब यह परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएगी।

पांच सदस्यीय जांच समिति गठित

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है। समिति सोशल मीडिया पर प्रसारित प्रश्नपत्र और परीक्षा में उपयोग किए जाने वाले मूल प्रश्नपत्र का मिलान करेगी। साथ ही यह पता लगाया जाएगा कि प्रश्नपत्र सबसे पहले कहां से बाहर आया और किन माध्यमों से आगे प्रसारित हुआ।

तेलीबांधा थाने में FIR, साइबर सेल भी जांच में जुटी

मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तेलीबांधा थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस के साथ साइबर सेल भी तकनीकी जांच में जुटी है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर प्रश्नपत्र लीक होने की पूरी कड़ी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

CM साय बोले- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने अधिकारियों को जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रश्नपत्र निर्माण से लेकर उसके सुरक्षित रख-रखाव और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा है।


Related Articles