Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: पुलिस आरक्षक भर्ती 2023 में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर उतई पुलिस ने आरोपी उमेश दास मानिकपुरी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी लगाने का झांसा देकर लिए 12 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, ग्राम सेलूद निवासी गैंदलाल बंछोर के बेटे विकास बंछोर को पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर भर्ती कराने का दावा आरोपी उमेश दास मानिकपुरी ने किया था। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने बैंक चेक और नकद के माध्यम से कुल 12 लाख रुपये दिए।
नौकरी नहीं लगी तो पैसे मांगने पर मोबाइल किया बंद
लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर जब प्रार्थी ने आरोपी से रकम वापस मांगी, तो वह कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। शिकायत के मुताबिक, बाद में आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद प्रार्थी ने उतई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे में नौकरी के नाम पर भी ठगी का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने भिलाई सेक्टर-10 निवासी एक अन्य व्यक्ति से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये लिए हैं। फिलहाल उतई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

