Surajpur News: प्रतापपुर में आक्रामक हाथी का आतंक, ग्रामीणों में दहशत; घर के पास बंधे भैंसे को कुचला

Surajpur News: प्रतापपुर में आक्रामक हाथी का आतंक, ग्रामीणों में दहशत; घर के पास बंधे भैंसे को कुचला

CG Surajpur News: सूरजपुर। प्रतापपुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात एक हाथी ने गांव में घर के पास बंधे भैंसे पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हाथी के हमले से अन्य बंधे हुए भैंसे रस्सी तोड़कर भाग निकले। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पूरी रात गांव के आसपास घूमता रहा हाथी

ग्रामीणों के मुताबिक हाथी रात करीब 12 बजे गांव के आसपास पहुंचा और काफी देर तक उत्पात मचाता रहा। पृथ्वी यादव की फसल और मवेशियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसके अलावा मसगा निवासी अशोक कुमार जायसवाल, सुदीप जायसवाल समेत कई किसानों के खेतों में पहुंचकर हाथी ने धान की फसल को रौंद दिया।

पहले इंसान, अब मवेशी बने निशाना

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से बिछड़कर घूम रहा हाथी बेहद आक्रामक हो गया है। इससे पहले हाथी के हमले में एक युवक की मौत की घटना भी सामने आ चुकी है। अब पालतू मवेशियों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। बरसात के मौसम में लोग रातभर जागकर अपने परिवार, घर और मवेशियों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं।

फसलों के नुकसान से किसानों की बढ़ी चिंता

धान की फसल इस समय खेतों में तैयार हो रही है। ऐसे में हाथी के खेतों में पहुंचने से किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार फसल नुकसान के साथ मवेशियों की मौत से आर्थिक परेशानी भी बढ़ रही है।

रेस्क्यू सेंटर भेजने की मांग

लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी का व्यवहार आक्रामक है और वह इंसानों तथा मवेशियों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से हाथी की तत्काल निगरानी कर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने और रेस्क्यू सेंटर भेजने की मांग की है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गांवों में गश्त और निगरानी बढ़ाने, हाथी की गतिविधियों की जानकारी समय पर देने तथा प्रभावित किसानों और पशुपालकों के नुकसान का सर्वे कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।


Related Articles