CG Surajpur News: तारा-रामानुजनगर सड़क की बदहाली पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, 6 दिन का अल्टीमेटम

CG Surajpur News: तारा-रामानुजनगर सड़क की बदहाली पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, 6 दिन का अल्टीमेटम

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। तारा से रामानुजनगर तक जर्जर सड़क की बदहाली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर ने मोर्चा खोल दिया है। सड़क की मरम्मत और सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित विभाग को 6 दिन का अल्टीमेटम दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने उग्र आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी है।

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, राहगीर परेशान

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर के अध्यक्ष अरविंद यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि तारा-रामानुजनगर मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो गई है।

6 दिन में सड़क सुधारने की मांग

कांग्रेस ने संबंधित विभाग से सड़क की जर्जर स्थिति का तत्काल संज्ञान लेकर मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 6 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रेमनगर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर एक दिवसीय उग्र आंदोलन के साथ चक्काजाम किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कनौजे, पार्षद कमलेश्वर सिंह, आलोक जगते, ईश्वर सिंह, सरपंच हरिहरपुर उजियारों सिंह, सरपंच सरस्ताल जय सिंह, सरपंच फुल्कोना विजय देवांगन, रामसरिवन साहू, पतिराम, मनराज, धर्मेंद्र प्रजापति, शिवम साहू, विद्यावती सिंह, ललिता राजवाड़े, कांति राजवाड़े, पुष्पा सिंह, कौशल्या सिंह, तक्ष सिरदार, जीवन राम, उमेश सिंह, देव धरन, देव सिंह और दुर्गा दत्त सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Related Articles