Chhattisgarh Balodabazar News : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम टेहका निवासी 23 वर्षीय योगेश साहू ने लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में 50 लाख रुपये जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। योगेश के सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया, लेकिन उन्होंने जोखिम लेने के बजाय 50 लाख रुपये लेकर गेम क्विट करने का फैसला किया। मुंबई से लौटने के बाद भाटापारा रेलवे स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
योगेश साहू की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने आईआईटी बॉम्बे में पढ़ाई के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और टॉपर रहे। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट में 1.5 लाख रुपये महीने की नौकरी मिली थी, लेकिन उन्होंने नौकरी छोड़कर IAS अधिकारी बनने के अपने सपने को पूरा करने का फैसला किया।
योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। पिता के मुताबिक योगेश ने UPSC सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा भी पहले ही प्रयास में पास कर ली है और फिलहाल मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। योगेश मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते और सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए रखते हैं।
योगेश ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार के जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर से की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वे बिलासपुर गए। यहां रोहन चावला ने अपने कोचिंग सेंटर में उन्हें 11वीं और 12वीं की मुफ्त पढ़ाई कराई। तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी उनकी पढ़ाई में मदद की। आईआईटी बॉम्बे में प्रवेश के लिए मुख्यमंत्री और कलेक्टर की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता भी मिली थी।
KBC के लेटेस्ट एपिसोड में योगेश साहू अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचे। 50 लाख रुपये के सवाल में उन्हें एक टेबल में दिए गए शहरों और वर्षों के आधार पर सही शहर पहचानना था। सवाल में कोलकाता-1913, सवालिया निशान-1930, स्कोप्जे-1979, शांतिनिकेतन-1998 और विदिशा-2014 दिया गया था। विकल्पों में त्रिशूर, मैसूर, अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली शामिल थे।
इस सवाल पर योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया। उन्हें संकेत मिला कि सही जवाब तमिलनाडु का एक शहर है। इसके बाद उन्होंने सवाल में दिए वर्षों और शहरों के संबंध को समझते हुए सही जवाब तिरुचिरापल्ली चुना।
योगेश ने बताया कि दिए गए वर्ष नोबेल पुरस्कार जीतने वाले व्यक्तियों से जुड़े थे और संबंधित शहर उनके जन्मस्थान थे। तिरुचिरापल्ली सीवी रमन का जन्मस्थान है। जवाब सही होने के साथ ही योगेश ने 50 लाख रुपये जीत लिए।
इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया। हालांकि, योगेश ने जोखिम नहीं लिया और 50 लाख रुपये की राशि लेकर खेल छोड़ने का फैसला किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे बलौदाबाजार और छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

