Kanwar Yatra in Raipur: रायपुर में 23 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, 10 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद; CM साय समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

Kanwar Yatra in Raipur: रायपुर में 23 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, 10 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद; CM साय समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

Kanwar Yatra in Raipur: रायपुर। राजधानी रायपुर में 23 अगस्त को विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक निकलने वाली इस यात्रा में हजारों कांवड़िए ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ शामिल होंगे। आयोजन में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

कांवड़ यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले बैंड, धार्मिक एवं सांस्कृतिक दल विशेष प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन के जरिए शिवभक्ति के साथ भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।

CM साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह होंगे शामिल

कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत मंत्री और रायपुर के विधायक भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

देशभर के कलाकार दिखाएंगे शिवभक्ति का रंग

कांवड़ यात्रा में विभिन्न राज्यों से आने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी टीम और महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम के साथ विशाल नंदी विशेष आकर्षण होंगे।

इसके अलावा केरल का भारत नाट्यम, ट्रेडिशनल बैंड और पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का प्रसिद्ध नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल भी यात्रा में शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों की शिव परिवार प्रस्तुति, दुर्ग-भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

धार्मिक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

यात्रा में विभिन्न धार्मिक झांकियां भी शामिल की जाएंगी। इनमें शिव परिवार, राम-सीता, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, भगवान परशुराम, जामवंत, भगवान गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल के स्वरूप शामिल होंगे।

इसके साथ ही राम-सीता दरबार, शिव परिवार, 11 घोड़े और 2 बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां यात्रा की भव्यता बढ़ाएंगी।

आस्था, संस्कृति और सामूहिक श्रद्धा का विराट उत्सव: राजेश मूणत

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने जिस आत्मीयता से कांवड़ यात्रा को अपनाया है, उससे यह आयोजन एक बड़े धार्मिक जनउत्सव का रूप ले चुका है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ उठाना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है। प्रयास है कि 23 अगस्त को रायपुर की सड़कों पर शिवभक्ति का ऐसा विराट स्वरूप दिखाई दे, जिसमें आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं की भी झलक देखने को मिले।


Related Articles