E-Buses in Nava Raipur: नवा रायपुर में जल्द दौड़ेंगी एसी ई-बसें, 37 किमी फोरलेन और अकलतरा बायपास पर भी बड़ा फैसला

E-Buses in Nava Raipur: नवा रायपुर में जल्द दौड़ेंगी एसी ई-बसें, 37 किमी फोरलेन और अकलतरा बायपास पर भी बड़ा फैसला

E-buses in Nava Raipur: रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (NRDA) और लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के प्रस्तावों की समीक्षा की गई।

नवा रायपुर में चलेंगी बैटरी चालित एसी ई-बसें

बैठक में नवा रायपुर में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए बैटरी चालित वातानुकूलित (AC) ई-बसों के संचालन की योजना पर चर्चा हुई। इसके लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर बसों की डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, संचालन और संधारण के लिए निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव की तकनीकी समीक्षा की गई। ई-बसों के संचालन से नवा रायपुर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा

बैठक में रायगढ़ जिले में करीब 37 किलोमीटर लंबे रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने परियोजना के लिए भूमि अर्जन, भू-व्यपवर्तन और निर्माण से पहले की आवश्यक तैयारियों से संबंधित रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की। फोरलेन मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन और औद्योगिक गतिविधियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

अकलतरा बायपास की तकनीकी प्रक्रिया की समीक्षा

जांजगीर-चांपा जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास के निर्माण प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं और आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

नए शासकीय कार्यालय भवनों पर भी मंथन

बैठक में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन सहित अन्य शासकीय कार्यालयों के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों और आवश्यकताओं की भी समीक्षा की गई। परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं पर चर्चा हुई।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, NRDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) चंदन कुमार सहित वित्त और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Related Articles