Chhattisgarh News: अमलेश्वर। शासकीय उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक शाला मगरघटा में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने बैंड-बाजे के साथ प्रभातफेरी निकाली। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीतों के साथ वीर सपूतों को याद करते हुए जमकर नारे लगाए।
देशभक्ति गीतों के साथ निकली प्रभातफेरी
शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मगरघटा के वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व संकुल शैक्षिक समन्वयक ललित कुमार बिजौरा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह स्कूली बच्चों ने बैंड-बाजे के साथ प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत और नारों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया।
इसके बाद प्राथमिक शाला परिसर, पंचायत भवन परिसर और पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में क्रमशः नेमप्रकाश भारती पूर्व पार्षद, सोहन निषाद पार्षद एवं सभापति तथा यामिनी मनोज यादव पार्षद नगर पालिका परिषद अमलेश्वर ने ध्वजारोहण किया। बच्चों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। अतिथियों ने महापुरुषों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया।
बच्चों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मुख्य समारोह सोहन निषाद के मुख्य आतिथ्य, यामिनी मनोज यादव की अध्यक्षता तथा संतराम यादव पूर्व सरपंच, घनश्याम चेलक पार्षद प्रतिनिधि, नेमप्रकाश भारती पूर्व पार्षद, कैलाश यादव युवा नेता, छोटू यादव अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति, परस राम साहू सेवानिवृत्त प्रधानपाठक, अमृत राजपूत युवा नेता और कुंजबिहारी साहू सदस्य शाला प्रबंधन समिति के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के छायाचित्रों पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण, कविता, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
देश के वीर सपूतों को किया याद
कार्यक्रम में अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेते हुए समाज, प्रदेश और देश के विकास में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम का सफल संचालन ललित कुमार बिजौरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था प्रमुख कौशल प्रसाद चौबे ने किया।
इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक कुलेश्वर प्रसाद ठाकुर, प्रधानपाठक जयंत वर्मा, शिक्षिका अंजू वर्मा, मेघा गुप्ता, मेरी सुषमा खलखो, शिक्षक कोमल ठाकुर सहित शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, सदस्य, रसोइया, स्वीपर, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

