Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग और युक्तियुक्तकरण के तहत स्कूलों को मर्ज किए जाने को लेकर छात्रों और पालकों का गुस्सा सामने आने लगा है। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को धमतरी और बालोद जिले में पालकों ने स्कूलों में ताला जड़कर प्रदर्शन किया।
धमतरी जिले के बारना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में तेज बारिश के बीच छात्रों और पालकों ने शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर स्कूल में ताला लगा दिया। ग्रामीण लंबे समय से स्कूल में शिक्षकों की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे पालकों और ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक स्कूल में ताला लगा रहेगा।
वहीं, बालोद जिले के शासकीय नवीन प्राथमिक शाला शिकारीटोला क्रमांक-2 में भी पालकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया। पालकों ने स्कूल को युक्तियुक्तकरण के तहत माध्यमिक विद्यालय करियाटोला में मर्ज किए जाने के फैसले को त्रुटिपूर्ण बताया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांगों और आपत्तियों को अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
पालकों के विरोध की सूचना मिलने पर तहसीलदार देवेंद्र नेताम और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नाराज ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल दोनों जिलों में शिक्षकों की नियुक्ति और स्कूलों के युक्तियुक्तकरण को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है।

