Raipur News: चीख सुनकर कर्मचारियों ने तोड़ी कमरे की खिड़की, अंदर का मंजर देख रह गए दंग; युवती की मौत

Raipur News: चीख सुनकर कर्मचारियों ने तोड़ी कमरे की खिड़की, अंदर का मंजर देख रह गए दंग; युवती की मौत

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार दोपहर प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद युवती की चाकू मारकर हत्या किए जाने और युवक के खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के तीसरे तल के कमरा नंबर 401 में हुई। घटना के बाद होटल में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त को होटल के कमरा नंबर 401 में कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी ठहरे हुए थे। कृष्ण कुमार वाराणसी जिले के मोहावन, दशनंतपुर गोसाई का रहने वाला बताया गया है, जबकि रिमन मंडावी मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र की निवासी बताई गई है। दोनों ने होटल में पहचान पत्र प्रस्तुत कर नियमानुसार चेक-इन किया था।

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच कमरे से युवती के जोर-जोर से चीखने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर होटल के अलग-अलग फ्लोर पर मौजूद कर्मचारी कमरे के पास पहुंचे। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने मिलकर कमरे की खिड़की तोड़ी।

खिड़की से अंदर देखने पर होटल कर्मचारी सन्न रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक चाकू से अपना गला काट रहा था। इससे पहले युवती पर चाकू से हमला किया गया था और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में कमरे में मिली।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने पहले युवती पर चाकू से हमला किया और इसके बाद खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कमरे से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और रायपुर आने का उनका उद्देश्य क्या था। वाराणसी के युवक और मोहला-मानपुर की युवती से जुड़े इस मामले में घायल युवक का बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


Related Articles