Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर रेल मंडल के भिलाई स्थित चरोदा पीपी यार्ड में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ बिल पास करने के एवज में कथित तौर पर मोटी रकम मांगने की शिकायत मिलने के बाद CBI की टीम ने देर शाम दबिश दी। टीम सीनियर DME अनमोल उइके से पूछताछ कर रही है और उनके कार्यालय में दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अनमोल उइके के खिलाफ दिल्ली CBI को शिकायत मिली थी। आरोप है कि रेलवे में एक कॉन्ट्रैक्टर के रनिंग बिल को पास करने के बदले रकम की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद गुरुवार देर शाम करीब 8:30 बजे CBI की टीम भिलाई पहुंची और चरोदा पीपी यार्ड स्थित सीनियर DME के कार्यालय में कार्रवाई शुरू की।
रेलवे कर्मचारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, CBI की करीब आठ अधिकारियों की टीम दिल्ली पासिंग गाड़ियों से भिलाई पहुंची। टीम सीधे सीनियर DME अनमोल उइके के कार्यालय पहुंची और पूछताछ के साथ जरूरी दस्तावेजों की जांच शुरू की। फिलहाल CBI की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे की जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।
बता दें कि चरोदा स्थित पीपी यार्ड में रेलवे वैगन के मेंटेनेंस का काम किया जाता है। यह यार्ड पहले भी CBI की कार्रवाई के चलते सुर्खियों में रह चुका है। वर्ष 2023 में भी कॉन्ट्रैक्टर से कथित तौर पर कमीशन लेने के आरोप में CBI ने यहां दबिश दी थी। अब एक बार फिर रिश्वत की शिकायत के बाद चरोदा पीपी यार्ड CBI के रडार पर है।

