Kawardha News : अमरकंटक से भोरमदेव तक आस्था का सफर, बैगा समाज के 15 लोग भी बने कांवड़ यात्री

Kawardha News : अमरकंटक से भोरमदेव तक आस्था का सफर, बैगा समाज के 15 लोग भी बने कांवड़ यात्री

Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। सावन के दूसरे सोमवार को अमरकंटक में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला। मां नर्मदा के उद्गम स्थल से नर्मदा जल लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 500 से अधिक कांवड़िए 151 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर रवाना हुए। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा माहौल शिवमय नजर आया।

यात्रा की शुरुआत से पहले मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विधायक भावना बोहरा ने कांवड़ में नर्मदा जल धारण कर पदयात्रा शुरू की। इस दौरान बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पत्थलगांव विधायक गोमती साय और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे।

कांवड़िए अमरकंटक से पैदल 151 किलोमीटर का सफर तय कर जलेश्वर महादेव डोंगारिया और ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचेंगे। यहां मां नर्मदा के जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। भावना बोहरा लगातार दूसरे वर्ष इस यात्रा में शामिल हो रही हैं।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ के धाम तक पैदल पहुंचना उनके लिए सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और संकल्प का विषय है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के जरिए पंडरिया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की जा रही है।

इस बार यात्रा में बैगा समाज के 15 महिला-पुरुष भी शामिल हुए हैं। दी गई जानकारी के अनुसार, हाल ही में सनातन धर्म में वापसी करने वाले इन लोगों ने भी कांवड़ में मां नर्मदा का जल उठाया और भगवान शिव के जलाभिषेक के संकल्प के साथ पदयात्रा शुरू की।

आयोजकों के मुताबिक, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कांवड़ यात्रा में अधिक श्रद्धालु शामिल हुए हैं। अमरकंटक से शुरू हुई यह यात्रा अलग-अलग पड़ावों से गुजरते हुए भोरमदेव पहुंचेगी, जहां भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ श्रद्धालुओं का संकल्प पूरा होगा।


Related Articles