Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर नगर पंचायत उतई में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की शानदार झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य और नारों के साथ निकली जात्रा ने पूरे नगर का माहौल उत्सवमय कर दिया। जैसे-जैसे जात्रा नगर के अलग-अलग हिस्सों से होकर आगे बढ़ी, बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते गए।
जात्रा में नगर पंचायत उतई की अध्यक्ष सरस्वती नरेंद्र साहू के साथ नगर के सभी पार्षद भी शामिल हुए। आदिवासी समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। लोगों ने नृत्य और जयकारों के साथ विश्व आदिवासी दिवस की खुशी मनाई।
जात्रा की शुरुआत नगर के नयापारा से हुई, जो बंजारी पारा, नेहरू नगर, आदर्श नगर, नेवई पारा, बाजार चौक, मिनीमाता चौक और सद्भावना चौक होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद जात्रा हथखोज पारा स्थित कालिका मंच और शीतला नगर पहुंची। अंतिम पड़ाव बूढ़ा देव मंदिर रहा, जहां जात्रा का समापन किया गया।
इस दौरान नगरवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने जात्रा में शामिल होकर आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और एकजुटता का संदेश दिया। पारंपरिक नृत्य और नारों से पूरे नगर में उत्साह का माहौल बना रहा।
आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। विश्व आदिवासी दिवस का यह आयोजन उतई में आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।

