Raigarh News : छापरपानी हत्याकांड का खुलासा, महिला-बच्ची की हत्या के मामले में बुजुर्ग आरोपी गिरफ्तार

Raigarh News : छापरपानी हत्याकांड का खुलासा, महिला-बच्ची की हत्या के मामले में बुजुर्ग आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Raigarh News : रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में मानसिक रूप से अस्वस्थ 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 65 वर्षीय आरोपी भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को छापरपानी गांव में एक महिला ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसकी 35 वर्षीय मौसेरी बहन, पति की मौत के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी और अपनी 10 माह की बेटी के साथ प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में रह रही थी। 16 जुलाई की सुबह महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसकी मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से चोट के निशान मिले थे। उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। सुनसान जगह पर घटना होने और कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिरों से ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया। उसके हाथ पर चोट के निशान भी मिले, लेकिन शुरुआत में उसने घटना में शामिल होने से इनकार किया। सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि 15 जुलाई की रात वह प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान पहुंचा था, जहां महिला अपनी बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर उसने वहां रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसका गला दबाया और ईंट से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया और घटना के दौरान पहनी गई धोती छिपा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून के निशान वाली धोती बरामद कर ली है। पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Related Articles