Bijapur News : जलभराव से राहत और बेहतर सड़कें, बीजापुर के भैरमगढ़ में विकास कार्यों को मिली हरी झंडी

Bijapur News : जलभराव से राहत और बेहतर सड़कें, बीजापुर के भैरमगढ़ में विकास कार्यों को मिली हरी झंडी

Chhattisgarh Bijapur News : बीजापुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ नगर पंचायत को बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने 1 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले 11 विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। इन कार्यों में सीसी सड़क और आरसीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा।

नगरीय प्रशासन विभाग ने 6 सीसी सड़कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 12 लाख 75 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके तहत वार्ड क्रमांक 2, 3, 11, 12, 13 और 14 में नई कंक्रीट सड़कें बनाई जाएंगी। वार्ड-3 में बेलतीपदर रोड से आंगनबाड़ी केंद्र तक तथा वार्ड-14 में बाजार स्थल से पुसनार पहुंच मार्ग तक सड़क निर्माण भी शामिल है।

वहीं, बेहतर जल निकासी व्यवस्था के लिए 39 लाख 39 हजार रुपये की लागत से 5 आरसीसी नालियों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके तहत वार्ड क्रमांक 8, 13 और 15 में नालियों का निर्माण होगा, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की स्वीकृति के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने निर्माण कार्यों के आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से भैरमगढ़ नगर पंचायत का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और स्थानीय नागरिकों को आवागमन तथा जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।


Related Articles