Durg News: दो साल से फरार हत्या का आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, उतई पुलिस की बड़ी सफलता

Durg News: दो साल से फरार हत्या का आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, उतई पुलिस की बड़ी सफलता

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। थाना उतई पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन पुलिस की तकनीकी निगरानी, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई तलाश के चलते वह आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।

पुलिस के अनुसार, थाना उतई में दर्ज अपराध क्रमांक 240/2024 में हत्या के मामले की जांच भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत की जा रही है। इस मामले में पहले ही दीपजोत कौर संधु उर्फ निक्की और एक अपचारी बालिका को 14 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी सुमित हीरानंद लालवानी पिछले दो वर्षों से फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

तकनीकी विश्लेषण से नागपुर में मिली लोकेशन

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

आरोपी के कब्जे से 9 हजार रुपये जब्त

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित हीरानंद लालवानी (30 वर्ष) निवासी दयानंद पार्क, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नारा रोड, थाना जेरीपटका, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 9 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाण्डेय, आरक्षक ध्रुवनारायण चन्द्राकर सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी फरार आरोपी या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


Related Articles