CG News: छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगी नई उड़ान, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान

CG News: छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगी नई उड़ान, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार खेलों को बढ़ावा देने और प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने की दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को रायपुर के नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभाग की उपलब्धियों, चल रही योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और उप संचालक रश्मि ठाकुर भी मौजूद रहे।

अरुण साव ने बताया कि प्रदेश में हॉकी लीग के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य की खेल अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए 14 प्रशिक्षकों को पटियाला भेजा गया है। खेल गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए राज्य सरकार ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती जैसे छह नए जिलों में खेल अधिकारी के पद सृजित किए हैं। इसके अलावा 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 और 8 वार्डनों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।

304 करोड़ तक पहुंचा खेल विभाग का बजट

अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल के मैदान तक लाना है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट केवल 4 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 304 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है।

बस्तर के बाद अब सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत

उन्होंने बताया कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का सफल आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक की भी शुरुआत की गई है। साथ ही खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में खेलों का बेहतर माहौल तैयार कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।


Related Articles