Dhamtari News : नवकार ज्वेलर्स में लाखों की चोरी, व्यापारी वर्ग में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

Dhamtari News : नवकार ज्वेलर्स में लाखों की चोरी, व्यापारी वर्ग में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। जिले के नगरी थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे एक शातिर चोर ने दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी दुकानदार का ध्यान भटकाकर करीब 4.45 लाख रुपये कीमत के 9 नग सोने के ईयररिंग लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना नगरी बाजार स्थित नवकार ज्वेलर्स की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और सोने के ईयररिंग दिखाने की बात करने लगा। इसी दौरान उसने मौका पाकर काउंटर पर रखे 9 नग सोने के ईयररिंग चोरी कर लिए और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब दुकानदार ने जेवरों की गिनती की तो चोरी का पता चला। आसपास तलाश करने के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने नगरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


Related Articles