DR Arrears Demand: 2 प्रतिशत डीआर एरियर की मांग तेज, 5 अगस्त को पूरे छत्तीसगढ़ में पेंशनर्स सौंपेंगे मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

DR Arrears Demand: 2 प्रतिशत डीआर एरियर की मांग तेज, 5 अगस्त को पूरे छत्तीसगढ़ में पेंशनर्स सौंपेंगे मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

Pensioners DR Arrears Demand: रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रांत ने जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान कराने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 5 अगस्त को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में पेंशनर्स जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने बताया कि महासंघ के लगातार प्रयासों से दोनों राज्यों के बीच सहमति लेने-देने की प्रक्रिया समाप्त कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अब संगठन का मुख्य उद्देश्य राज्य शासन से जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डीआर का आदेश एरियर सहित जारी कराना है, ताकि प्रदेश के लाखों पेंशनर्स को उनका वैधानिक अधिकार मिल सके।

महासंघ के अनुसार, 5 अगस्त को सभी जिला इकाइयां कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एकसूत्रीय मांग का ज्ञापन सौंपेंगी। ज्ञापन में केवल जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत डीआर का एरियर सहित भुगतान आदेश जारी करने की मांग शामिल होगी।

संगठन ने सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि पूरा कार्यक्रम अनुशासन और गरिमा के साथ आयोजित किया जाए। इस दौरान किसी प्रकार का धरना, प्रदर्शन या नारेबाजी नहीं होगी। ज्ञापन सौंपने के बाद उसकी प्राप्ति रसीद लेना अनिवार्य होगा और स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को इसकी जानकारी भी भेजी जाएगी।

महासंघ ने बताया कि अभियान के अगले चरण में 19 अगस्त 2026 को सभी संभाग मुख्यालयों में संभागीय अध्यक्षों के नेतृत्व में संभागीय आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं, आगे की रणनीति तय करने के लिए 6 सितंबर 2026 को बिलासपुर में प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने प्रदेश के सभी जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों तथा पेंशनर्स से इस अभियान को एकजुटता, अनुशासन और संगठनात्मक गरिमा के साथ सफल बनाने की अपील की है, ताकि राज्य के पेंशनर्स को उनका न्यायोचित अधिकार शीघ्र मिल सके।


Related Articles