Balod News: बालोद में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद एक में लगी आग, 2 की मौत, 3 घायल

Balod News: बालोद में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद एक में लगी आग, 2 की मौत, 3 घायल

Chhattisgarh Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-930 पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। दल्लीराजहरा मार्ग पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे दो युवकों को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक में आग लग गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर हुआ। मृतकों की पहचान ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख और ग्राम परसदा निवासी अरुण साहू के रूप में हुई है। वहीं घायलों में यसु देशमुख (19), नरेंद्र निषाद (31) और पोषण कुमार गोयल (30) शामिल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि गेमन लाल, अरुण साहू और यसु देशमुख दल्लीराजहरा से बालोद की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार पोषण कुमार गोयल और नरेंद्र निषाद बालोद से दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद गेमन लाल और अरुण साहू सड़क पर गिर पड़े, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक में आग लग गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Related Articles