Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के गांधी नगर स्थित कालीबाड़ी इलाके में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना सात लोगों को भारी पड़ गया। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा तेज आवाज में संगीत बजाने की शिकायत मिलने पर जब पुलिस फिर पहुंची तो वहां मौजूद युवक-युवतियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 2 अगस्त की रात करीब 3 बजे की है। थाना कोतवाली पुलिस को गांधी नगर के कालीबाड़ी क्षेत्र स्थित एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हुल्लड़बाजी किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और साउंड सिस्टम बंद करा दिया।
कुछ समय बाद उसी स्थान से दोबारा तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने की शिकायत मिली। पुलिस फिर मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद युवक-युवतियों ने कथित रूप से पुलिस से अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंची और कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने चार युवकों और तीन युवतियों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करना, रात में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना, नशे की हालत में उत्पात मचाना तथा पुलिस या अन्य शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना गंभीर अपराध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

