Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। पतंजलि योग समिति, छत्तीसगढ़ द्वारा वृंदावन हॉल, सिविल लाइन, रायपुर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गुरु परंपरा का स्मरण करते हुए गुरु पूजन किया गया। साथ ही योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योग शिक्षकों का सम्मान किया गया और वरिष्ठ योग शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि योग आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति आयोग छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष वेदराम ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस अधिकारी राजेश राणा, पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ के संरक्षक सुनील रामदास और सुनील अग्रवाल मौजूद रहे। अतिथियों ने गुरु के महत्व, भारतीय संस्कृति और योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए योग शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसी दौरान पत्रकार आनंद साहू को पतंजलि योग समिति, छत्तीसगढ़ की ओर से योग प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने और योग के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता के लिए योग शिक्षक का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आनंद साहू ने कहा कि “गुरु केवल वह नहीं जो ज्ञान दे, बल्कि वह भी है जो जीवन की कठिन और विपरीत परिस्थितियों में आपका हाथ थामे रखे। जो आर्थिक, मानसिक या नैतिक रूप से आपका संबल बने, आपका हौसला बढ़ाए और सही राह दिखाए, वही सच्चा गुरु है।”
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत, गुरु वंदन, योग शिक्षकों का सम्मान, प्रमाण-पत्र वितरण और आशीर्वचन का आयोजन किया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के समापन पर समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, योग साधकों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, गुरु परंपरा और योग के प्रति समाज में जागरूकता और श्रद्धा को और मजबूत बनाते हैं।

