Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण (Advance Tax Devolution) के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से पहले वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम कर हिस्सेदारी प्राप्त होगी। इस राशि से प्रदेश में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने में यह राशि अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय की भावना ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। केंद्र सरकार लगातार राज्यों की वित्तीय क्षमता को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रभावी फैसले ले रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।

