Bilaspur News: कोटा क्षेत्र में मलेरिया का खतरा गहराया, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष सर्वे और जांच अभियान

Bilaspur News: कोटा क्षेत्र में मलेरिया का खतरा गहराया, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष सर्वे और जांच अभियान

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मलेरिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में क्षेत्र से मलेरिया के 25 मरीज सामने आ चुके हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने छतौना, शिवतराई, औरापानी और केंदा गांव में विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें 356 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।

जांच के दौरान केंदा गांव में मलेरिया के तीन नए मरीजों की पुष्टि हुई। इनमें से दो मरीजों को गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र और एक मरीज को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बुखार से पीड़ित अन्य ग्रामीणों के भी ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण की स्थिति पर नजर रखी जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोटा विधानसभा क्षेत्र और आसपास के 72 गांव पहले से ही मलेरिया संवेदनशील घोषित हैं। हर वर्ष बारिश के मौसम में इन इलाकों में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर डीडीटी का छिड़काव और मच्छरदानियों का वितरण नहीं होने से बीमारी फैलने का खतरा और बढ़ गया है।

मामलों में वृद्धि के बाद स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रभावित गांवों का दौरा कर रहे हैं। मैदानी स्वास्थ्य अमले को निगरानी, जांच और जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके और मरीजों का समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके।


Related Articles