Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के कैजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ में हड़कंप की स्थिति बन गई।
आग की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित रूप से अस्पताल के अन्य विभागों में शिफ्ट किया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। मौदहापारा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

