Chhattisgarh Korba News : कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के बाद लौट रहे विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी को घेरकर उन्होंने विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया। छात्रों ने प्रिंसिपल डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग करते हुए स्कूल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए।
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में घटिया और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा है। खाने में कीड़े मिलने और बरसात के पानी से भोजन तैयार किए जाने की शिकायत भी सामने आई है। नहाने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बावजूद उचित इलाज नहीं मिलने की बात भी छात्रों ने कही। उन्होंने एक्सपायरी डेट वाले दूध, खाद्य सामग्री और दवाइयों के पैकेट दिखाते हुए गंभीर आरोप लगाए।
अभिभावकों ने भी प्रिंसिपल के व्यवहार पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पैरेंट्स मीटिंग के लिए सभी अभिभावकों को एक साथ बुलाने के बजाय अलग-अलग समय पर बुलाया जाता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी होती है। छात्रों पर बाहर से जरूरत का सामान लाने पर रोक लगाए जाने और शिक्षकों के बीच हुए विवाद में छात्रों के घायल होने की शिकायत भी विधायक के सामने रखी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर मौजूद सहायक आयुक्त (एसी) को तत्काल जांच कर छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि प्रिंसिपल डॉ. अहमद खान के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।

