Chhattisgarh Lormi News : लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में छत्तीसगढ़ महतारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया के तैलचित्र कथित तौर पर कचरे के ढेर में मिलने के बाद सियासी विवाद गहरा गया है। घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोरमी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के गरिमामयी तैलचित्र कचरे में फेंककर सामाजिक और राजनीतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया है। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई।
कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए। पार्टी का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर लोरमी थाने का घेराव, चक्काजाम और उग्र आंदोलन करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।

