Bhilai News: तेज रफ्तार कार ने ईवी स्कूटी के उड़ाए परखच्चे, दो छात्र जिंदगी की जंग लड़ रहे

Bhilai News: तेज रफ्तार कार ने ईवी स्कूटी के उड़ाए परखच्चे, दो छात्र जिंदगी की जंग लड़ रहे

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई के गैरेज रोड पर शुक्रवार को तेज रफ्तार कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी (ईवी) सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, जबकि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों छात्र परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। गैरेज रोड पहुंचते ही सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार कार और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होते ही आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने हादसा देखा हो या संबंधित वाहन के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।


Related Articles