Chhattisgarh Mungeli News: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुंगेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर बाढ़ सुरक्षा, सड़क, पुल, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में रहकर 24×7 निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बिलासपुर रोड स्थित टोल प्लाजा के पास सड़क में आई दरारों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके से ही राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के कार्यपालन अभियंता (ईई) को वीडियो कॉल कर सड़क की बदहाल स्थिति दिखाई और तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क पर आवागमन किसी भी हाल में बाधित नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर ने ग्राम अखरार में जल जीवन मिशन, उप स्वास्थ्य केंद्र, निर्माणाधीन बाजार शेड और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। किसानों से बातचीत कर खाद-बीज की उपलब्धता की जानकारी ली और कृषि समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। वहीं मनियारी नदी, निर्माणाधीन पुल और खुड़िया डेम का निरीक्षण कर संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
लगातार बारिश को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू अभियान चलाने और स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, स्नेकबाइट व रैबीज वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक रखने और स्वास्थ्य कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए।

