Raipur News : 15 अगस्त समारोह को लेकर सभी कलेक्टरों को निर्देश, जिला मुख्यालयों पर मंत्री करेंगे ध्वजारोहण

Raipur News : 15 अगस्त समारोह को लेकर सभी कलेक्टरों को निर्देश, जिला मुख्यालयों पर मंत्री करेंगे ध्वजारोहण

Chhattisgarh Raipur News : छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को लेकर सभी जिलों के कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस विशेष महत्व का होगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त की सुबह 9 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। सभी सरकारी आयोजनों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी अनिवार्य किया गया है।

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ेंगे। वहीं जनपद पंचायत, नगर पालिका और ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोहों में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रगान और देश की एकता एवं अखंडता पर आधारित आयोजन किए जाएंगे।

सरकार ने जिला प्रशासन को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 15 अगस्त की रात सभी शासकीय भवनों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों में प्रभात फेरी, वृक्षारोपण, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।


Related Articles