Gariaband News: राजिम में तालाब-नहर पाटकर काटे जा रहे प्लॉट, SDM बोले- जांच कर होगी कार्रवाई

Gariaband News: राजिम में तालाब-नहर पाटकर काटे जा रहे प्लॉट, SDM बोले- जांच कर होगी कार्रवाई

Chhattisgarh Gariaband News: छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम में अवैध प्लाटिंग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफियाओं ने कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन कॉलोनियां बसाने के साथ-साथ सरकारी तालाब और सिंचाई नहर तक पाटकर प्लॉट काटने का काम किया है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बरोंडा निवासी नेतराम धृतलहरे ने 2 जुलाई को कलेक्टर भगवान सिंह उइके से शिकायत कर आरोप लगाया कि खसरा नंबर 584 में दर्ज करीब डेढ़ एकड़ के निस्तारी तालाब को प्रभावशाली लोगों ने अवैध प्लाटिंग के लिए पाट दिया। शिकायत के साथ उन्होंने वीडियो साक्ष्य भी सौंपे। उनका कहना है कि स्थानीय तहसीलदार और एसडीएम को भी पहले सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पूर्व नगर पंचायत सदस्य पवन सोनकर ने दावा किया कि वर्ष 2016 में यह तालाब करीब डेढ़ एकड़ क्षेत्र में दर्ज था और मछली पालन के लिए लीज पर दिया गया था। बाद में रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ कर इसका रकबा कम कर दिया गया। उनका आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद तालाब के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ की गई।

इधर, राजिम-गरियाबंद मार्ग पर कथित तौर पर अवैध प्लाटिंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। आरोप है कि पहले कबीर नगर कॉलोनी बसाई गई और अब उसके दूसरे चरण के लिए सिंचाई विभाग की नहर में ह्यूम पाइप डालकर रास्ता बना दिया गया है।

मामले पर राजिम एसडीएम विशाल महाराणा ने कहा कि अवैध प्लाटिंग की शिकायतों पर अब तक 100 से अधिक रकबों की खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। तालाब और नहर पाटने का मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles