Chhattisgarh Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। यह दर्दनाक घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर गांव की है, जहां पहली कक्षा में पढ़ने वाले प्रकाश पटेल पर 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश के पिता किशोर पटेल मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले हैं और दादर गांव में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के समय किशोर एक मकान में काम कर रहे थे। प्रकाश उनसे मिलने के बाद वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर हमला कर दिया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों से छुड़ाकर जिला मेडिकल अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में बच्चे के सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। मेडिकल अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

