Dhamtari News: धमतरी: 11वीं के छात्र ने कई बच्चों को काटा, जांच के बाद अस्पताल में निगरानी में रखा गया

Dhamtari News: धमतरी: 11वीं के छात्र ने कई बच्चों को काटा, जांच के बाद अस्पताल में निगरानी में रखा गया

Dhamtari News: जिले के कुरूद विकासखंड स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिलौटी में 11वीं कक्षा के एक छात्र की अजीब हरकत से स्कूल में हड़कंप मच गया। छात्र ने पिछले तीन से चार दिनों के दौरान अलग-अलग कक्षाओं में जाकर 10 से 12 विद्यार्थियों को दौड़ा-दौड़ाकर काट लिया, जिससे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्र को करीब तीन महीने पहले एक कुत्ते ने काटा था। इस वजह से उसके व्यवहार को देखते हुए हाइड्रोफोबिया (रेबीज) की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर छात्र को कुरूद अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय जांच की गई, जहां डॉक्टरों ने उसमें हाइड्रोफोबिया के कोई लक्षण नहीं पाए। एहतियात के तौर पर उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर बर्न वार्ड में निगरानी में रखा गया है।

कुरूद बीएमओ डॉ. जेपी दीवान ने बताया कि छात्र सामान्य रूप से खाना खा रहा है और पानी पी रहा है। उसके व्यवहार में रेबीज जैसे कोई लक्षण नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मामला शरारत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि चिकित्सकीय निगरानी जारी है।

उधर, जिन 10 से 12 विद्यार्थियों को छात्र ने काटा, उन्हें सुरक्षा के मद्देनजर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई है। सभी बच्चे स्वस्थ हैं, लेकिन घटना के बाद स्कूल और गांव में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग और स्कूल प्रबंधन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


Related Articles