Chhattisgarh Durg News : जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण), दुर्ग शहर और भिलाई नगर ने गुरुवार को राजीव भवन में संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस से जवाब मांगा। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारी गिरीश देवांगन ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने विश्वास के साथ दान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सामने आ रही जानकारियां गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की ओर इशारा करती हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म या आस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के दान और श्रद्धा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के पक्ष में है। उन्होंने मांग की कि यदि किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई हो। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन और उसमें स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करने की भी मांग की।
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। वहीं भिलाई नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त दान, चढ़ावा, भूमि खरीद और निर्माण कार्यों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर प्राप्त जनधन की पारदर्शिता सुनिश्चित करना ट्रस्ट और केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने तक कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी।

