Chhattisgarh Marwahi NEWS: पेंड्रा नगर में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। राय पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करने के दौरान कोयले से भरे ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पिता और 14 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कुड़कुई गांव निवासी तेरस भरिया (35) अपनी पत्नी और बेटे राजू भरिया (14) के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तेरस भरिया और उनके बेटे राजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जारी है।
हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया। इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

