Chhattisgarh Jagdalpur News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बोधघाट थाना क्षेत्र में बीती रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गंगानगर वार्ड में कुछ असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियारों के साथ पहुंचकर घरों में तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवक चाकू और तलवार जैसे हथियारों के साथ इलाके में पहुंचे और कई घरों में तोड़फोड़ कर उत्पात मचाया। घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक खुलेआम तोड़फोड़ करता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और ठेला संचालकों का कहना है कि इलाके में असामाजिक तत्व अक्सर लोगों को परेशान करते हैं, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से भय का माहौल बना हुआ है।
मामले की सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

