Chhattisgarh News: धमतरी। जिले के कुरूद क्षेत्र स्थित PMश्री प्राथमिक शाला कठौली में स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा पहली की एक छात्रा विद्यालय के कमरे में ही बंद रह गई। देर शाम तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात ग्रामीणों ने स्कूल परिसर से बच्ची के रोने की आवाज सुनने के बाद ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश देते हुए संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी छात्रा कक्षा के अंदर ही रह गई और विद्यालय में ताला लगा दिया गया। जब बच्ची शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिजन चिंतित होकर उसकी तलाश में जुट गए। देर रात स्कूल परिसर से आवाज आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्कूल बंद होने के कारण उन्होंने ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि कई घंटों तक कमरे में बंद रहने के कारण बच्ची भूखी-प्यासी और डरी-सहमी हुई थी। बाहर निकलने के बाद उसकी तबीयत भी बिगड़ गई, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय पूरे मामले का ठीकरा सफाई कर्मचारी पर फोड़ने की कोशिश कर रहा है, जबकि विद्यालय बंद करने से पहले सभी कक्षाओं का निरीक्षण करना प्रधानपाठक और शिक्षकों की जिम्मेदारी होती है।
मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर जांच टीम गठित की गई है और संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

