Kondagaon Crime News: कोंडागांव में युवक पर जानलेवा हमला, मंडी परिसर में चाकू से 5 वार, हालत खतरे से बाहर

Kondagaon Crime News: कोंडागांव में युवक पर जानलेवा हमला, मंडी परिसर में चाकू से 5 वार, हालत खतरे से बाहर

Kondagaon Crime News: कोंडागांव। कोंडागांव जिला मुख्यालय के मंडी परिसर स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि एक 19 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में शीतलापारा निवासी शक्ति कोर्राम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर पर चार से पांच जगह चाकू के घाव मिले हैं, जिनमें पेट का घाव सबसे गंभीर है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायल शक्ति कोर्राम ने बताया कि वह हमाली मजदूरी करता है। उसके अनुसार कुछ युवकों ने रात में फोन कर उसे मंडी परिसर बुलाया। वहां पहुंचते ही पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर पेट, जांघ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए। शक्ति ने आरोप लगाया कि रेहान ने चाकू से हमला किया, जबकि टीकम ने डंडे से मारपीट की। उसने यह भी दावा किया कि मौके पर मौजूद अन्य युवक भी हमले में शामिल थे और अधिकांश ने शराब पी रखी थी।

शक्ति के मुताबिक विवाद की शुरुआत उसके परिचित बाबा को लेकर हुई थी। कुछ युवक उसके भाई बाबा को निशाना बना रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे लगातार फोन कर मौके पर बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उस पर हमला कर दिया गया।

घायल के भाई संजू कोर्राम ने बताया कि रात करीब 12 बजे शक्ति को फोन कर बुलाया गया था। शक्ति ने सुबह बैठकर विवाद सुलझाने की बात कही थी, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। संजू का आरोप है कि टीकम, रेहान खान सहित अन्य युवकों ने मिलकर उसके भाई पर जानलेवा हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत मेहता ने बताया कि घायल को रात करीब 1:30 बजे अस्पताल लाया गया। जांच में उसके शरीर पर चार से पांच चाकू के घाव पाए गए हैं। पेट में लगा घाव सबसे गंभीर है, जिसकी गहराई करीब 1 से 2 इंच है। इसके अलावा पैर और जांघ के पास भी चोटें हैं। डॉक्टरों के अनुसार घायल का उपचार जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।


Related Articles