CG Assembly Monsoon Session: सोमवार से छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, निधन उल्लेख के साथ होगी कार्यवाही की शुरुआत

CG Assembly Monsoon Session: सोमवार से छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, निधन उल्लेख के साथ होगी कार्यवाही की शुरुआत

CG Assembly Monsoon Session 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का पहला दिन सोमवार को आयोजित होगा। सत्र की कार्यवाही की शुरुआत दिवंगत जनप्रतिनिधियों और अन्य दिवंगत व्यक्तियों के निधन उल्लेख से की जाएगी। इसके बाद प्रश्नकाल होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री टंकराम वर्मा और केदार कश्यप सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे।

प्रश्नकाल के बाद विभिन्न विभागों से जुड़े पत्रों और दस्तावेजों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। साथ ही फरवरी-मार्च 2026 के प्रश्नों से संबंधित पूर्ण उत्तर, उस दौरान सदन में पढ़ी गई सूचनाएं तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज भी सदन के पटल पर प्रस्तुत किए जाएंगे।

मानसून सत्र के पहले दिन दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी चर्चा का विषय बनेंगे। विधायक अजय चंद्राकर और ब्यास कश्यप ने पुरातात्विक वस्तुओं के संरक्षण तथा परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है। इन विषयों पर सदन में सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

इसके अलावा, राज्यपाल द्वारा लौटाए गए विधेयकों की जानकारी भी सदन में दी जाएगी। वहीं राष्ट्रपति और राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त विधेयकों की सूचना भी सदन के पटल पर रखी जाएगी। ऐसे में मानसून सत्र का पहला दिन प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और महत्वपूर्ण विधायी सूचनाओं के कारण काफी अहम रहने वाला है।


Related Articles