Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 10 नई क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है। ये टीमें आधुनिक वाहनों और ट्रैफिक प्रबंधन के आवश्यक उपकरणों से लैस होंगी तथा जाम या सड़क पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करेंगी।
हाल ही में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने यह पहल की है। शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नई क्यूआरटी के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख जाम वाले स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने कहा कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना या यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही क्यूआरटी बिना देरी के मौके पर पहुंचेगी। टीम का मुख्य उद्देश्य कम से कम समय में यातायात को सामान्य कर आम नागरिकों को जाम की परेशानी से राहत दिलाना है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए 9479210632 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यदि किसी स्थान पर ट्रैफिक जाम, सड़क पर वाहन खराब होने या किसी अन्य कारण से यातायात प्रभावित होता है, तो लोग इस नंबर पर सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई क्यूआरटी को आधुनिक संचार प्रणाली और ट्रैफिक प्रबंधन के उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। ये टीमें सड़क दुर्घटनाओं, वीआईपी मूवमेंट और अचानक उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के दौरान भी त्वरित कार्रवाई कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

