Jagdalpur Rojgar Mela: नौकरी पाने का सुनहरा मौका, जगदलपुर में लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 1,595 पदों पर होगी सीधी भर्ती

Jagdalpur Rojgar Mela: नौकरी पाने का सुनहरा मौका, जगदलपुर में लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 1,595 पदों पर होगी सीधी भर्ती

Jagdalpur Rojgar Mela: जगदलपुर। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, आड़ावाल द्वारा एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में निजी क्षेत्र की 13 प्रमुख कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न पदों पर कुल 1,595 रिक्तियों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।

जिला रोजगार अधिकारी जय प्रकाश कौशिक ने बताया कि रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित लाइवलीहुड कॉलेज, आड़ावाल परिसर में आयोजित किया जाएगा।

मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक तथा डिप्लोमा इंजीनियरिंग की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर विभिन्न पदों पर की जाएगी।

रोजगार मेले में बीमा सखी, टेक्नीशियन, ऑफिस बॉय, सुपरवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड, ट्रेनिंग ऑफिसर, लीगल एडवाइजर, वेल्डर, फायरमैन, नर्सिंग असिस्टेंट, पैकेजिंग स्टाफ, ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, होम केयर टेकर, बेबी सिटर, रिलेशनशिप मैनेजर, टेलीकॉलर, कुक, वेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर और मैकेनिक सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी।

चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 7 हजार रुपये से 28 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे रोजगार मेले में शामिल होने से पहले विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से करा लें, ताकि चयन प्रक्रिया में भाग लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।


Related Articles