CG News: कुम्हारी नगर पालिका में मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण संपन्न, सांसद विजय बघेल बोले- जिम्मेदारी का ईमानदारी से करें निर्वहन

CG News: कुम्हारी नगर पालिका में मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण संपन्न, सांसद विजय बघेल बोले- जिम्मेदारी का ईमानदारी से करें निर्वहन

Chhattisgarh News: कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीना वर्मा ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर, उपाध्यक्ष प्रमोद राजपूत, जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह में शासन द्वारा मनोनीत गोल्डी गोस्वामी, प्रणव श्रीवास्तव, सुनीता कुर्रे, अवधेश शुक्ला और मनहरण साहू को विधिवत शपथ दिलाई गई। सभी नवमनोनीत एल्डरमैनों ने नगर के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

नगर विकास में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका : मीना वर्मा

नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैन नगर परिषद के विकास में महत्वपूर्ण सहयोगी साबित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमैन जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नगर के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।

‘शपथ लेना आसान, निभाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी’ : विजय बघेल

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने नवमनोनीत एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पद सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि शपथ लेना आसान होता है, लेकिन उसके अनुरूप कार्य करना ही जनप्रतिनिधि की असली परीक्षा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा रखने वालों को ही अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन अपने दायित्वों का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करें तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।

अपने सार्वजनिक जीवन का किया उल्लेख

सांसद विजय बघेल ने कहा कि उन्होंने भी अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत भिलाई-3 और चरोदा क्षेत्र से की थी और आज जनता के विश्वास के कारण दुर्ग लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा का रास्ता निरंतर मेहनत और लोगों के विश्वास से ही आगे बढ़ता है।

कार्यक्रम में राकेश पाण्डेय, योगेश साहू, धर्मेंद्र सिन्हा (मंडल अध्यक्ष), राजू निषाद (सांसद प्रतिनिधि, नगर पालिका कुम्हारी), मिथिलेश यादव, सुजीत यादव (सांसद प्रतिनिधि), तृप्ति चंद्राकर (महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष), फिंगू साहू, रामकुमार सोनी, रामाधार शर्मा, जुली सिंह, गीता निर्मलकार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Related Articles