CG Nagar Nikay Chunav Update: छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होंगे नगरीय निकाय चुनाव, राज्य निर्वाचन आयोग ने तेज की तैयारियां

CG Nagar Nikay Chunav Update: छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होंगे नगरीय निकाय चुनाव, राज्य निर्वाचन आयोग ने तेज की तैयारियां

CG Nagar Nikay Chunav Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम और उप-निर्वाचन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग में बुधवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों और शासन स्तर पर की जा रही प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रशासनिक, तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य आगामी चुनावों को समयबद्ध, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।

बैठक में बताया गया कि दिसंबर 2026 में कार्यकाल पूरा कर रहे 15 नगरीय निकायों में आम चुनाव कराए जाएंगे। इनमें चार नगर पालिक निगम—बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली, पांच नगरपालिका परिषद—जामुल, सारंगढ़, बैकुण्ठपुर, शिवपुर-चरचा और खैरागढ़ तथा छह नगर पंचायत—प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम शामिल हैं। इसके अलावा नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली में भी पहली बार आम चुनाव होंगे।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने बैठक में जानकारी दी कि सभी 15 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वर्तमान में वार्ड पार्षदों के आरक्षण का कार्य तेजी से जारी है। वहीं, नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण और बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन एवं आरक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

बैठक में दो वार्ड पार्षद पदों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles