Narayanpur News: इन जगहों पर नक्सली छिपा रखे थे खतरनाक सामान, सर्चिंग के दौरान पड़ी जवानों की नजर, जानिए क्या-क्या मिला

Narayanpur News: इन जगहों पर नक्सली छिपा रखे थे खतरनाक सामान, सर्चिंग के दौरान पड़ी जवानों की नजर, जानिए क्या-क्या मिला

Narayanpur News: नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 53वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटकों और हथियारों का बड़ा डम्प बरामद किया। बरामद सामग्री में 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद और देशी हथियार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान के तहत 7 जुलाई 2026 को अड़िंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा के जंगल क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया। सहायक कमांडेंट आजाद सिंह के नेतृत्व में आईटीबीपी के 34 जवानों, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम ने अभियान को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों और हथियारों का डम्प बरामद हुआ।

बरामद सामग्री में 15 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी, एक देशी रॉकेट लॉन्चर, 16 मोर्टार राउंड, पांच रॉकेट लॉन्चर राउंड, 10 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर राउंड तथा कारतूस शामिल हैं। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रेशर कुकर आईईडी को नियंत्रित विस्फोट के जरिए सुरक्षित निष्क्रिय कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। समय रहते कार्रवाई होने से नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फिर गया और संभावित बड़ी घटना टल गई।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। फरवरी में ओरछा थाना क्षेत्र से पांच किलो का टिफिन बम और नक्सली साहित्य बरामद किया गया था। मार्च में अबूझमाड़ क्षेत्र से करीब 20 किलो विस्फोटक और अन्य सामग्री मिली थी। मई में नारायणपुर-कोंडागांव सीमा पर नक्सली कैंप ध्वस्त कर राशन, दवाइयां और डेटोनेटर बरामद किए गए थे, जबकि जून में सुरक्षा बलों ने आठ किलो की पाइप आईईडी को समय रहते निष्क्रिय कर बड़ी घटना टाल दी थी।


Related Articles