Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विभिन्न निगम, मंडल, आयोग और बोर्डों में नई नियुक्तियों की घोषणा के बाद पाटन क्षेत्र के लिए भी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ग्राम किकिरमेटा निवासी वरिष्ठ नेता नेतराम निषाद को छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक सूची में उनके नाम की घोषणा होते ही पाटन क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया।
नेतराम निषाद की नियुक्ति की खबर मिलते ही किकिरमेटा और पूरे पाटन विधानसभा क्षेत्र में समर्थकों और निषाद समाज के लोगों ने खुशी का इजहार किया। कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी गई।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समर्थकों का कहना है कि नेतराम निषाद को यह जिम्मेदारी मिलना पूरे पाटन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनका मानना है कि वे मछुआरा समाज के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने पर नेतराम निषाद ने मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे तथा मछुआरा समाज के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

